2001 भूकंप के बाद भुज से 3 किलो सोना सीलबंद सूटकेस में जामनगर भेजा, वापस लिया तो 2 किलो कम निकला

गुजरात के जामनगर में कस्टम विभाग की कस्टडी से 1.10 करोड़ रुपए कीमत का 2 किलो सोना गायब हो गया। यह सोना कच्छ की कस्टम डिवीजन ने 2001 में आए भूकंप के बाद रखने के लिए दिया था। इसे 2016 में वापस लिया गया तो इसमें दो किलो सोना कम था।

जामनगर पुलिस ने इस मामले में कस्टम के अज्ञात स्टाफर्स के खिलाफ गुरुवार शाम को केस दर्ज किया है। इससे पहले चार साल तक विभाग की इंटरनल जांच चलती रही। पुलिस इंस्पेक्टर कुनाल गढ़े ने बताया कि जामनगर बी डिवीजन पुलिस स्टेशन में IPC की धारा 309 के तहत केस दर्ज किया गया है। यह धारा किसी पब्लिक सर्वेंट के धोखाधड़ी करने पर लगाई जाती है।

ऑफिस टूटने के कारण सोना जामनगर भेजा था
26 जनवरी 2001 को गुजरात के भुज में भूकंप आया था। इस भूकंप ने शहर को तबाह कर दिया था। इसी दौरान भुज के कस्टम डिपार्टमेंट से जामनगर के ऑफिस में तीन किलो 149 ग्राम सोना भेजा गया। 2016 में इसे वापस लिया गया तो दो किलो 156 ग्राम सोना कम निकला। इंटरनल इन्वेस्टिगेशन के बाद अज्ञात स्टाफर्स के खिलाफ केस दर्ज कराया गया।

FIR के मुताबिक, कच्छ जिले में भुज कस्टम डिवीजन के ऑफिस को भूकंप से काफी नुकसान पहुंचा था। यहां डिपार्टमेंट की ओर से जब्त किया तीन किलो 149 ग्राम सोना रखा था। इसे दो सूटकेस में भरकर जामनगर के ऑफिस भेज दिया गया।

भुज का ऑफिस तैयार हो जाने के बाद यहां के अधिकारियों ने 2016 में सोने से भरे सील बंद सूटकेस अपने कब्जे में ले लिए। इनकी चाबियां खो जाने के कारण दोनों सूटकेस खोलने के लिए उनका ताला तोड़ा गया। यह काम दोनों डिविजन के अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ। इसके बाद सोने का वजन किया गया तो पता चला कि दो किलो 156 सोना कम है।

तमिलनाडु में भी ऐसा ही मामला सामने आया था
पिछले हफ्ते ही तमिलनाडु में CBI की कस्टडी में रखे 400 किलो सोने में से 103 किलो सोना कम होने का मामला सामने आया था। इस सोने की कीमत 45 करोड़ रुपए बताई गई थी। मद्रास हाईकोर्ट ने CB-CID को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। CBI ने 2012 में चेन्नई की एक फर्म के ऑफिस में छापा मारकर 400 किलो सोना जब्त किया था। इसी में से 103 किलो सोना गायब हो गया।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
भूकंप से भुज का ऑफिस टूट गया था। इसलिए सोने को जामनगर भेजा गया था।


from Dainik Bhaskar /national/news/2-kg-gold-worth-rs-110-crore-goes-missing-from-custom-department-in-gujarat-jamnagar-128025570.html

0 comments